कोरबा, 4 अक्टूबर 2026।स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, नियमित व्यायाम की आदत, शारीरिक सक्रियता एवं खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी, नई दिल्ली के तत्वावधान में डीएवी पब्लिक स्कूल एसईसीएल कोरबा में गांधी जयंती के अवसर पर ‘रन फॉर डी ए व्ही’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा प्रतिभागियों में उत्साह, ऊर्जा और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति सकारात्मक सोच का संचार किया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉक्टर चेतना शर्मा तथा उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस आयोजन का मूल उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना था कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की आधारशिला है। वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और बढ़ती व्यस्तताओं के बीच नियमित रूप से दौड़ना, पैदल चलना तथा शारीरिक गतिविधियों में भाग लेना अत्यंत आवश्यक है। इसी भावना को जन-जन तक पहुँचाने के लिए ‘रन फॉर डी ए व्ही’ जैसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 200 विद्यार्थी प्रतिभागियों तथा शिक्षक शिक्षिकाओं के लिए 2 किलोमीटर की दूरी निर्धारित की गई थीं। जो विद्यालय से प्रारंभ होकर सुभाष ब्लॉक कॉलोनी, एस ई सी एल ऑफिसर कॉलोनी, काली बाड़ी से होते हुए पुनः विद्यालय में आकर समाप्त हुई। आयोजन में उत्साह और उमंग का वातावरण देखने को मिला तथा प्रतिभागियों ने पूरे जोश और सकारात्मक ऊर्जा के साथ दौड़ में सहभागिता की। इस प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉक्टर चेतना शर्मा ने मेडल देकर सम्मानित भी किया। जिसमें बालक वर्ग में नवमीं के छात्र नरेंद्र कुमार कश्यप प्रथम, नवमीं के छात्र योगेश साहू द्वितीय, कक्षा सातवीं के गौरव राज तृतीय स्थान पर रहे। इसी तरह बालिका वर्ग में नवमीं की छात्रा प्रियंका प्रथम, आठवीं की छात्रा भूमि विश्वकर्मा द्वितीय तथा आठवीं की छात्रा अंजली जांगड़े तृतीय स्थान पर रहीं। शिक्षक वर्ग में जय प्रकाश गौतम प्रथम, दीपक कुमार साहू द्वितीय, नरसिंह दास शास्त्री तृतीय स्थान रहे।
इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉक्टर चेतना शर्मा ने इस प्रकार के आयोजन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा-“आज के समय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक स्वास्थ्य भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि दौड़ केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह हमें नियमितता, अनुशासन, धैर्य, लक्ष्य-निर्धारण और निरंतर प्रयास जैसे जीवन-मूल्यों की सीख भी देती है। ” उन्होंने प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा प्रतिदिन किसी न किसी प्रकार की शारीरिक गतिविधि को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान ‘फिटनेस फॉर ऑल’ , सक्रिय जीवनशैली और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश प्रमुखता से उभरा। प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बनता था। दौड़ में शामिल प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ निर्धारित मार्ग पर दौड़ लगाई और आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। विद्यालय के खेल शिक्षक और खेल शिक्षिका,
विद्यालय परिवार तथा विद्यालय प्रबंधन समिति एस ई सी एल कोरबा ने इस आयोजन को विद्यार्थियों में खेल भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास बताया।
Monday, October 5
स्वस्थ जीवनशैली का संदेश लेकर डीएवी पब्लिक स्कूल एसईसीएल कोरबा में हुआ ‘रन फॉर डी ए व्ही’ का आयोजन
Ashok Kumar Agrawal
News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world.
Keep Reading
Contact Us
संपादक: अशोक कुमार
न्यूज़ पोर्टल: न्यूज़ अग्रदूत
पता: मोहन टॉकीज रोड, इंदिरा नगर, जमनीपाली, कोरबा, छत्तीसगढ़ – 495450
मोबाइल: +91-9827962691
ईमेल: [email protected]
Disclaimer
न्यूज़ अग्रदूत पर प्रकाशित समाचार एवं जानकारियाँ विभिन्न स्रोतों पर आधारित हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक और निष्पक्ष जानकारी पहुँचाना है। किसी भी त्रुटि या जानकारी की पुष्टि के लिए कृपया आधिकारिक स्रोतों से संपर्क करें। वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री के आधार पर लिए गए निर्णय की जिम्मेदारी पाठक की स्वयं की होगी।
© 2026 NEWS AGRADOOT. Designed by Nimble Technology.


