विकसित भारत-जी राम जी के तहत आगामी पांच वर्षों की ग्राम विकास कार्ययोजना पर चर्चा




कोरबा,04 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में 02 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर जिले की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इन ग्राम सभाओं में ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता के साथ गांवों के वर्तमान विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, पंचायत की वित्तीय गतिविधियों, स्थानीय समस्याओं तथा आगामी विकास प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
विशेष ग्राम सभाओं में ग्रामीणों से प्राप्त सुझावों और स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर गांव के समग्र विकास की दिशा तय करने पर जोर दिया गया। विकसित भारत-जी राम जी के तहत आगामी पांच वर्षों के लिए तैयार की जाने वाली ग्राम विकास कार्ययोजना में गांव की जरूरतों, उपलब्ध संसाधनों और ग्रामीणों की प्राथमिकताओं को शामिल करने पर विशेष बल दिया गया।
योजनाओं और विकास कार्यों की ग्रामीणों के समक्ष रखी जानकारी
ग्राम सभाओं में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। पात्र हितग्राहियों तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही पर चर्चा की गई। पूर्व ग्राम सभा में पारित संकल्पों के क्रियान्वयन का पालन प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया गया।
पंचायत की वित्तीय स्थिति की समीक्षा करते हुए आय-व्यय का अवलोकन एवं अनुमोदन किया गया। पिछले वित्तीय वर्ष में विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत कार्यों के नाम, स्वीकृत एवं प्राप्त राशि, व्यय राशि तथा कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ग्रामीणों के समक्ष रखी गई। इससे पंचायत स्तर पर विकास कार्यों एवं वित्तीय गतिविधियों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
पंचायत की आय और संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन पर चर्चा
ग्राम सभाओं में ग्राम पंचायतों में कर अधिरोपण एवं संग्रहण की प्रक्रिया को ऑनलाइन करने के लिए पंचायत पोर्टल के उपयोग, वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए संपत्ति कर की दर निर्धारित करने तथा कर संग्रहण को प्रभावी बनाने संबंधी विषयों पर चर्चा की गई।
पंचायत की स्थायी संपत्तियों को ग्राम संपदा के रूप में पंजीकृत करने, अभिलेखों की समीक्षा एवं प्रमाण-पत्र से संबंधित विषयों की जानकारी भी दी गई। पंचायत क्षेत्र में स्थित तालाबों, बाजारों, व्यावसायिक परिसरों एवं दुकानों की नीलामी अथवा पट्टे से जुड़े विषयों पर भी ग्रामीणों से विचार-विमर्श किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लंबित प्रकरणों के निराकरण पर जोर
ग्राम सभाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृत एवं लंबित आवासों की स्थिति की समीक्षा की गई। पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ दिलाने तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
विकसित ग्राम पंचायत प्लान में स्थानीय जरूरतों को मिलेगी प्राथमिकता
विकसित भारत-जी राम जी के तहत रोजगारमूलक अधोसंरचना एवं परिसंपत्तियों के निर्माण को ग्राम विकास की प्राथमिकताओं से जोड़ने पर चर्चा की गई। ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के लिए संचालित ‘मोर गांव, मोर पानी’ महाअभियान तथा ‘नवा तरिया आय के जरिया’ जैसी गतिविधियों की जानकारी दी गई।
ग्राम विकास कार्ययोजना में जल सुरक्षा को महत्वपूर्ण प्राथमिकता के रूप में शामिल करने तथा गांव में उपलब्ध जल संसाधनों के संरक्षण, संवर्धन एवं बेहतर उपयोग के लिए स्थानीय स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया। साथ ही रोजगार के स्थानीय अवसर बढ़ाने वाली परिसंपत्तियों के निर्माण को प्राथमिकता देने पर भी ग्रामीणों से सुझाव लिए गए।
स्वच्छता के लिए लिया सामूहिक संकल्प
गांवों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए स्वच्छता गतिविधियों को निरंतर जारी रखने तथा ग्रामीणों की सहभागिता बढ़ाने का निर्णय लिया गया। ग्राम सभाओं में उपस्थित ग्रामीणों ने अपने गांव को स्वच्छ रखने के लिए सामूहिक स्वच्छता संकल्प लिया।
विशेष ग्राम सभाओं में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, पंच, मेट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



