अपने ही स्मार्टफोन पर लिया व्यावहारिक प्रशिक्षण
जगदलपुर, 04 अक्टूबर 2026/ बस्तर जिला प्रशासन की अभिनव पहल के तहत 1 अक्टूबर को कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) प्रशिक्षण सत्र का सफल आयोजन किया गया। कलेक्टर आकाश छिकारा के नेतृत्व एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके अध्ययन कार्य में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का सुरक्षित और प्रभावी उपयोग सिखाना था।
यह प्रशिक्षण जगदलपुर स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय और जगतु माहरा शासकीय बहुउद्देश्यीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की सबसे खास बात इसका व्यावहारिक दृष्टिकोण रहा। विद्यार्थियों ने केवल सैद्धांतिक जानकारी प्राप्त नहीं की, बल्कि अपने ही स्मार्टफोन का उपयोग करते हुए सीधे कृत्रिम बुद्धिमत्ता टूल्स पर अभ्यास किया। सत्र का संचालन पब्लिक पॉलिसी इन एक्शन फेलो माधव जोशी और आशीष कुमार पांडे द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को जटिल शैक्षणिक अवधारणाओं को समझने, अध्ययन सामग्री को व्यवस्थित करने और शोध कार्यों में आधुनिक तकनीक का लाभ उठाने के व्यावहारिक तरीके सिखाए।
जिला प्रशासन की यह डिजिटल साक्षरता पहल विद्यार्थियों को तकनीक-संचालित भविष्य के लिए तैयार करने और शिक्षा में डिजिटल गवर्नेंस को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक अहम कदम साबित हो रही है।



