प्रेसवार्ता के माध्यम से सरकार का कराया ध्यानाकर्षण, छात्रावास अधीक्षकों की समस्याओं के निराकरण का किया आग्रह
रायपुर,अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में छात्रावास अधीक्षकों द्वारा लंबे समय से उठाई जा रही विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता टी.एस. सिंहदेव ने आवाज बुलंद की है। उन्होंने प्रेसवार्ता के माध्यम से राज्य सरकार का ध्यान इस गंभीर विषय की ओर आकर्षित करते हुए छात्रावास अधीक्षकों की मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर उनका शीघ्र समाधान करने का आग्रह किया।
टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि छात्रावास अधीक्षक शिक्षा एवं आदिवासी कल्याण व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों की देखरेख, सुरक्षा, अनुशासन और उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में उनकी जायज मांगों और समस्याओं की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि छात्रावास अधीक्षकों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके और छात्रावासों की व्यवस्था भी बेहतर हो सके।
पूर्व उपमुख्यमंत्री की इस पहल से छात्रावास अधीक्षकों की लंबित मांगों का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक चर्चा के केंद्र में आ गया है। अब देखना होगा कि राज्य सरकार इस मामले में क्या कदम उठाती है।







