जांजगीर-चांपा पुलिस की उत्कृष्ट विवेचना से आरोपी को मिली कड़ी सजा, न्यायालय ने लगाया 5 हजार रुपये का अर्थदण्ड
जांजगीर – चांपा/सारागांव। बच्चों के कैसियो बाजा छूने जैसी मामूली बात पर हुए विवाद में लकड़ी के फट्टे से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या करने वाले आरोपी को न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। माननीय प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश शैलेन्द्र चौहान ने आरोपी रमेश कुमार सूर्यवंशी को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास एवं 5,000 रुपये के अर्थदण्ड से दंडित किया है।
मामला थाना सारागांव क्षेत्र के ग्राम कमरीद का है। घटना 22 मई 2025 की है। जानकारी के अनुसार, बच्चों द्वारा कैसियो बाजा छूने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी रमेश कुमार सूर्यवंशी ने मृतक मनहरण घिरही के सिर पर लकड़ी के फट्टे से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मनहरण की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन थाना प्रभारी सारागांव निरीक्षक सावन कुमार सारथी ने प्रभावी एवं उत्कृष्ट विवेचना की। उन्होंने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए, आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा। पुलिस द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय में अपराध प्रमाणित हुआ, जिसके परिणामस्वरूप आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।
निरीक्षक सावन सारथी की विवेचना से पहले भी मिल चुकी है कड़ी सजा
निरीक्षक सावन कुमार सारथी की विवेचना का यह पहला मामला नहीं है, जिसमें आरोपियों को कठोर सजा मिली हो। इससे पूर्व थाना सारागांव के हत्या के एक अन्य मामले में तीन आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है। वहीं, नशीली कोडीन कफ सिरप के मामले में तीन आरोपियों को 14-14 वर्ष का कठोर कारावास तथा रात्रि में रास्ता रोककर लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को भी 14-14 वर्ष के कठोर कारावास की सजा मिल चुकी है।
लगातार गंभीर अपराधों में साक्ष्यों का प्रभावी संकलन और मजबूत विवेचना न्यायालय में आरोपियों को दोषसिद्ध कराने में महत्वपूर्ण साबित हो रही है। इस प्रकरण में भी पुलिस की प्रभावी विवेचना के चलते हत्या के आरोपी को आजीवन कारावास की सजा मिली है।







